Advertisement
News

Jabalpur Mausam: नौतपा में गर्मी का डबल अटैक, बादलों के बीच उमस ने किया लोगों को परेशान

BAZ Media, Jabalpur। नौतपा के तीसरे दिन शहरवासियों को भीषण गर्मी के साथ उमस भरे मौसम ने बेहाल कर दिया। सुबह से तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी का दौर जारी रहा, वहीं दोपहर बाद आसमान में अचानक बादलों की आवाजाही बढ़ गई। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, लेकिन इससे राहत मिलने के बजाय वातावरण में उमस और बढ़ गई। दिनभर लोग पसीने और गर्म हवाओं से परेशान नजर आए। मौसम के बदले मिजाज ने शहर में “धूप-छांव” जैसी स्थिति बना दी, जिससे लोगों को लगातार असहजता का सामना करना पड़ा।

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और लोकल बादलों से बनी द्रोणिका के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आसमान में लगातार बादलों की मौजूदगी के कारण हवा का घनत्व बढ़ गया है, जिससे वातावरण में नमी और उमस दोनों बढ़ रही हैं। बादलों की बसाहट पूरी तरह खत्म नहीं होने से शहर में कभी तेज धूप तो कभी बादलों की छांव का सिलसिला चलता रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.01 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। सुबह के समय हवा में नमी 36 प्रतिशत और शाम को 47 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके कारण लोगों को तेज गर्मी के साथ भारी उमस का भी सामना करना पड़ा।

विज्ञापन

मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो गत वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी इस बार नौतपा के दौरान गर्मी का असर पिछले साल की तुलना में काफी अधिक महसूस किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर में 2.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर संभाग के कई जिलों में तेज गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है। विभाग ने नागरिकों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। वहीं हल्के बादलों और बारिश की संभावना के बावजूद फिलहाल भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

विज्ञापन

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page