(मौसम अपडेट) नवंबर का महीना आधा बीतने के बावजूद सर्दी नहीं आई, नासा ने बताई पूरी वजह

नई दिल्ली । दिवाली के दो सप्ताह बाद भी मौसम में ठंडक का अहसास नहीं हो रहा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, राजस्थान सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अभी भी गर्मी बनी हुई है, और पंखा चलाए बिना रात में नींद नहीं आ रही है। इस असमान गर्मी के पीछे की वजह क्या है, और कब सर्दियों का आगमन होगा? इस पर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने जानकारी दी है।
नासा के अनुसार, इस साल अक्टूबर महीना पूरे विश्व में औसतन 1.32 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा। हालांकि, नासा ने यह भी बताया कि 2023 के मुकाबले अक्टूबर का महीना थोड़ा कम गर्म रहा है, लेकिन कुछ इलाकों में यह उलट भी रहा है।
भारत में अक्टूबर महीने की गर्मी और अब तक सर्दी न आने का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय न होना है। इसके अलावा, पूर्वी हवाओं का प्रभाव भी जारी है, जिससे बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल नवंबर का महीना सामान्य से अधिक गर्म रहेगा। इसके साथ ही, अल-नीना की सक्रियता के कारण दिसंबर में भीषण सर्दी की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। दरअसल, सर्दियों की असल शुरुआत दिसंबर के मध्य से ही होगी।
जबलपुर मौसम अपडेट
जबलपुर में नवंबर के महीने में आमतौर पर जो ठंड पड़नी चाहिए, वह अब तक महसूस नहीं हो रही है, जबकि नवंबर के 12 दिन निकल चुके हैं। आसमान पर हल्की बादल छाए हुए हैं और मौसम शुष्क हो चुका है, लेकिन दिन और रात का तापमान अभी भी औसत से ऊपर बना हुआ है। तड़के और रात में जरूर ठंड का अहसास होने लगा है, लेकिन दिन में गर्मी के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में मौसम में बदलाव आने की संभावना है और ठंड का असर बढ़ सकता है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस (जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था) और न्यूनतम तापमान 15.05 डिग्री सेल्सियस (जो सामान्य से 1 डिग्री कम था) दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रात:काल 75 प्रतिशत और सायंकाल 62 प्रतिशत आंकी गई। उत्तरी-पूर्वी हवाएं 2 से 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं। पचमढ़ी में प्रदेश का सबसे कम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। पिछले वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 31.09 और न्यूनतम तापमान 18.03 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।