NationalNews
Trending

मौसम : भयंकर शीतलहर की चपेट में आए कई राज्य, पाइप का पानी भी जमने लगा

नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत के कई हिस्से इस समय भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में हैं। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में सर्दी के और बढ़ने की संभावना जताई है।

आने वाले दिनों में ठंड की तीव्रता और बढ़ सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और केरल में 26-27 दिसंबर को हल्की बारिश का अनुमान जताया है।

दिल्ली में 26 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.5 डिग्री कम है। यहां घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

विज्ञापन

उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भीषण कोहरे और ठंड का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 26 दिसंबर को येलो अलर्ट जारी किया गया है। गाजियाबाद, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बहराइच समेत अन्य जिलों में भीषण ठंड और कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।

राजस्थान में पिलानी और गंगानगर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। यहां जयपुर, कोटा, उदयपुर समेत अन्य इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण कई सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों को बंद कर दिया गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में तापमान शून्य से 10.6 डिग्री नीचे चला गया है।

कश्मीर घाटी में भी पानी जमने की समस्या सामने आई है, जहां जलाशयों और जलापूर्ति लाइनों में पानी जमा हुआ है। आने वाले दो दिनों में घाटी में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट की संभावना है।

Back to top button

You cannot copy content of this page