Advertisement
Jabalpur

जबलपुर में गेहूं खरीदी केंद्र पर 5 लाख की बड़ी वसूली, 7 गिरफ्तार

जबलपुर | 14 May 2025 | BAZ Media Jabalpur Division | BAZ Desk | Bazmedia.in

News in Short

  • सिहोरा के गेहूं उपार्जन केंद्र पर 308 किसानों से 5 लाख रुपये अवैध वसूली
  • तौल, सिलाई और रसीद काटने के नाम पर प्रति किसान 200 रुपये तक ऐठे
  • 7 कर्मचारियों के खिलाफ IPC की धारा 318(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज

जबलपुर जिले के सिहोरा इलाके में समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं खरीदी केंद्र वसूली का बड़ा मामला उजागर हुआ है। ग्राम गौरहा स्थित देवाश्री ग्राम संगठन के गेहूं उपार्जन केंद्र क्रमांक 01 (केंद्र कोड 56433196) में किसानों से बड़े पैमाने पर अवैध धनराशि वसूली की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सात कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

विज्ञापन

गेहूं खरीदी केंद्र वसूली में 7 कर्मचारी गिरफ्तार

संयुक्त कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी उपार्जन ऋषभ जैन के निर्देश पर कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार जाटव ने पुलिस थाना सिहोरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। रबी विपणन वर्ष 2026-27 की सरकारी उपार्जन नीति और एसओपी नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एफआईआर में नामजद आरोपियों में खरीदी केंद्र प्रभारी आरती रजक, आवक रजिस्टर प्रभारी नीलम रजक, कंप्यूटर ऑपरेटर ज्योति वर्मन, तुलाई कर्मी शिखा कोरी, संस्था सेवक आनंद पटेल, ग्राउंड सर्वेयर अंकित उपाध्याय और गोदाम सर्वेयर अमर चौधरी शामिल हैं।

तौल और रसीद काटने के नाम पर जबरन वसूली

प्रशासनिक टीम के औचक निरीक्षण में यह खुलासा हुआ कि केंद्र के कर्मचारी प्रत्येक बोरी की तुलाई और भराई के नाम पर किसानों से 8 से 10 रुपये जबरन वसूल रहे थे। इसके अलावा मंडी में अनाज लेकर आए किसानों से प्रति तौल पर्ची जनरेट करने के लिए 100 रुपये और सिलाई के नाम पर अलग से 100 रुपये ऐठे जा रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया कि नियमों के विपरीत जाकर किसानों से तौल में अतिरिक्त अनाज लिया गया। किसान सुनील कुमार तिवारी से 80 किलोग्राम, शाहिल कुर्मी से 50 किलोग्राम और सुनील पिता विजय से 3 क्विंटल गेहूं ज्यादा दबाया गया। ग्राम नुन्जा के किसान अशोक कुमार पटेल से केंद्र के कर्मचारी आनंद पटेल ने अपने निजी बैंक खाते में ऑनलाइन डिजिटल माध्यम से 3,200 रुपये की सीधे घूस ट्रांसफर करवाई।

क्वालिटी चेकिंग में रोड़ा अटकाकर ली रिश्वत

केंद्र पर तैनात दोनों सर्वेयर अंकित उपाध्याय और अमर चौधरी अनाज की तुरंत गुणवत्ता जांच (एफएक्यू परीक्षण) नहीं करते थे। किसानों पर अनुचित दबाव बनाने के लिए अंतिम समय में फीडिंग रोककर सौदेबाजी की जाती थी। केंद्र के रिकॉर्ड के मुताबिक अब तक कुल 308 किसानों से 22,362 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। प्रति क्विंटल 20 रुपये और प्रति किसान 200 रुपये के हिसाब से कुल 5,08,840 रुपये की अवैध उगाही की गई है।

सिहोरा के इस गेहूं उपार्जन केंद्र पर हुई बड़े पैमाने की वसूली से किसानों में रोष है। प्रशासन की तत्पर कार्रवाई से अन्य उपार्जन केंद्रों पर भी ऐसी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जगी है।

📌 Sources & References

  • प्रशासनिक सूत्र जबलपुर
  • पुलिस थाना सिहोरा

विज्ञापन
Back to top button

You cannot copy content of this page