National

18 दिनों में 4 करोड़ से अधिक लोग बने भाजपा के सदस्य


नई दिल्ली । भाजपा ने अपने संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024 के तहत देशभर में एक विशाल सदस्यता अभियान की शुरुआत की है, पार्टी को इस अभियान में भारी सफलता मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 सितंबर को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के विस्तार के दौरान इस राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य और अधिक लोगों को भाजपा से जोड़कर पार्टी के संगठन को मजबूत करना है। भाजपा ने दावा किया है कि मात्र 18 दिनों के भीतर 4 करोड़ से अधिक नए लोग पार्टी के सदस्य बन चुके हैं। यह संख्या भाजपा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो देशभर में पार्टी की व्यापक लोकप्रियता और समर्थन को दर्शाता है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने इस उपलब्धि की घोषणा करते हुए एक ऐतिहासिक क्षण बताया।

तावड़े ने सदस्यता अभियान की जानकारी एक्स पर साझा की, उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान को व्यापक समर्थन मिला है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की, जिसने पार्टी को मजबूत और संगठित बनाया है। तावड़े ने देश के नागरिकों से भी अपील की कि वे 8800002024 पर मिस्ड कॉल देकर या नमो एप के माध्यम से भाजपा के सदस्य बनें।

इस सदस्यता अभियान को विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और असम जैसे राज्यों में बड़ी सफलता मिल रही है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष ने इन राज्यों के आंकड़ों को साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने 1 करोड़, मध्य प्रदेश ने 50 लाख, और गुजरात ने भी 50 लाख से अधिक सदस्यता प्राप्त कर ली है, जबकि असम 35 लाख के आंकड़े की ओर अग्रसर है। यह अभियान पार्टी के लिए अत्यधिक उत्साहवर्धक साबित हो रहा है, और इसके परिणामस्वरूप पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की भी सराहना की गई है।

विज्ञापन
Back to top button

You cannot copy content of this page