Advertisement
Advertisement
NationalNews

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुख्य शूटर गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी योजना

यूपी एसटीएफ और मुंबई अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड : उत्तर प्रदेश की एसटीएफ और मुंबई अपराध शाखा की टीम ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल मुख्य शूटर समेत पांच आरोपियों को बहराइच जिले के नानपारा से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर की रात को मुंबई के बांद्रा क्षेत्र स्थित खेर नगर में उनके बेटे और विधायक जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

उत्तर प्रदेश पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि मुख्य आरोपी, शूटर शिवकुमार को यूपी एसटीएफ और मुंबई अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि शिवकुमार नेपाल भागने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले उसे पकड़ लिया गया। इस मामले में शिवकुमार के अलावा अनुराग कश्यप, ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, आकाश श्रीवास्तव और अखिलेंद्र प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने शिवकुमार को शरण दी और नेपाल भागने में मदद की।

Advertisement

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को मुंबई लाया जा रहा है। पिछले दिनों बहराइच पुलिस ने बताया था कि बाबा सिद्दीकी हत्या कांड में शामिल दो प्रमुख आरोपी, धर्मराज कश्यप (19) और शिवकुमार उर्फ शिवा गौतम (20), बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र के गंडारा गांव के रहने वाले हैं।

कैसरगंज क्षेत्र के सीओ ने बताया कि शिवकुमार उर्फ शिवा कुछ साल पहले काम की तलाश में महाराष्ट्र गया था और इस साल अप्रैल में अपने पड़ोसी धर्मराज को भी अपने साथ काम करने के लिए पुणे बुला लिया था। शिवकुमार के पिता, बालकृष्ण, बहराइच में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और उसकी मां, सुमन, का कहना है कि उनका बेटा कभी भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं था। सुमन ने यह भी कहा कि शिवा पुणे में कबाड़ की दुकान पर काम करता था और उसे कभी भी किसी आपराधिक गिरोह से जोड़कर नहीं देखा था।

विज्ञापन

हालांकि, अब पुलिस ने इस मामले में अपनी जांच को और तेज कर दिया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Back to top button

You cannot copy content of this page