JABALPUR पश्चिम विधानसभा में 40 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, करोड़ों के कार्यों को मिली गति

जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने रविवार को पश्चिम विधानसभा के विभिन्न वार्डों में करीब 40 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क, नाला, घाट, गार्डन, शेड, स्टेज और सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं। इस दौरान मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
राकेश सिंह ने कहा कि आदर्श विधानसभा केवल निर्माण कार्यों से नहीं बनती, बल्कि नागरिकों के अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने से भी विधानसभा आदर्श बनती है। उन्होंने विकास कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, महामंत्री पंकज दुबे सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मंत्री राकेश सिंह ने धनवंतरी नगर चौराहा स्थित वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कछपुरा में शेड-स्टेज का भूमिपूजन
वीर सावरकर वार्ड में कछपुरा पुल के पास 50 लाख रुपये की लागत से शेड और स्टेज निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। क्षेत्र में नागरिकों और सामाजिक आयोजनों के लिए यह सुविधा विकसित की जाएगी।
इंदिरा गांधी वार्ड के शाही तालाब में 60 लाख रुपये की लागत से घाट का निर्माण और 20 लाख रुपये की लागत से गार्डन विकसित किया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के साथ तालाब क्षेत्र का भी विकास होगा।
गढ़ा वार्ड में 8.43 करोड़ के 40 मार्गों का लोकार्पण
गढ़ा वार्ड में 8.43 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किए गए 40 मार्गों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से नाले का निर्माण भी कराया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
रमनगरा में 132 विकास कार्य
स्वामी वीरेंद्रपुरी वार्ड के कोष्टा मोहल्ले में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और रमनगरा में 25 लाख रुपये की लागत से यज्ञशाला शेड का निर्माण किया जाएगा।
मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि रमनगरा क्षेत्र में कुल 132 विकास कार्य स्वीकृत, प्रगतिरत और प्रस्तावित हैं। इनमें करीब छह करोड़ रुपये की लागत के 42 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और नागरिकों की जरूरत के अनुरूप नई परियोजनाओं को भी शामिल किया जा रहा है।



