तिरंगे की शान में गूंजा जबलपुर । जिले के मुख्य समारोह में मंत्री राकेश सिंह ने किया ध्वजारोहण

जबलपुर। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जिलेभर में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय का मुख्य समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के बाद राकेश सिंह ने खुली जिप्सी में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान सशस्त्र बलों ने हर्ष फायर किया और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। तिरंगे रंग के गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए।
शानदार रहा मार्च पास्ट
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न सुरक्षा बलों और छात्र संगठनों की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य और परेड उप कमांडर सूबेदार रूमा सिरसाम के नेतृत्व में एसएएफ की छठवीं बटालियन, होमगार्ड, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट, गाइड और शौर्य दल की प्लाटून ने हिस्सा लिया।

सशस्त्र प्लाटून वर्ग में एसएएफ की छठवीं वाहिनी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिला पुलिस बल पुरुष दूसरे और जिला पुलिस बल महिला तीसरे स्थान पर रही। बिना शस्त्र प्लाटून वर्ग में नेवल एनसीसी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि एनसीसी सीनियर डिवीजन बॉयज दूसरे और शौर्य दल तीसरे स्थान पर रहा।

बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्लाटून के परेड कमांडरों को मुख्य मंच पर सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
मुख्य समारोह में मंत्री राकेश सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। अंगदान और देहदान करने वाले लोगों के परिजनों का भी सम्मान किया गया। मंत्री ने उनसे मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी।

इसके साथ ही शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बारिश के कारण नहीं हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह के दौरान तेज बारिश होने के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सके। स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए मंत्री राकेश सिंह के आग्रह पर प्रशासन ने कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय लिया। हालांकि, मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पहुंचे छात्र-छात्राओं के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण
समारोह स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद मंत्री राकेश सिंह ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और जबलपुर में स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर जबलपुर जिले की विकास गाथा पर तैयार पुस्तिका का भी वितरण किया गया।
समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, सांसद आशीष दुबे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, महामंत्री पंकज दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा संभागायुक्त धनंजय सिंह, आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई
समारोह में जारी विकास गाथा की पुस्तिका में दिसंबर 2023 से जुलाई 2026 तक जबलपुर जिले में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई है। पुस्तिका के अनुसार जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, कृषि, रोजगार और डिजिटल गवर्नेंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए गए हैं।
शहर के यातायात को बेहतर बनाने के लिए दमोह नाका-रानीताल-मदन महल-मेडिकल रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया गया है। वहीं आउटर रिंग रोड परियोजना पर भी काम जारी है। औद्योगिक क्षेत्र में निवेश प्रस्ताव, युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत काम किए जाने की जानकारी दी गई।
महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली बहना योजना, किसानों के लिए किसान कल्याण योजनाओं तथा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख पुस्तिका में किया गया है। जबलपुरी मटर और जबलपुर सिंघाड़े को जीआई टैग मिलना भी जिले की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।
समारोह के शुभारंभ और समापन पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का माहौल बना रहा।



