
जबलपुर, 15 अगस्त 2025 | रिपोर्ट: बाज़ मीडिया
आज़ादी का 79वां पर्व पूरे देश की तरह जबलपुर में भी बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में शहर की सामाजिक व शैक्षिक संस्था ज़ेड एच फाउंडेशन ने अपने हेड ऑफिस और रद्दी चौकी स्थित क्लासेस कैंपस में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने शिरकत की।

हेड ऑफिस में हुआ मुख्य कार्यक्रम
सुबह 8 बजे फाउंडेशन हेड ऑफिस, जबलपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वज फहराने के बाद पूरे परिसर में राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर सलामी दी और माहौल देश प्रेम के रंग में रंग गया।
इसके बाद बच्चों ने तालीम और तहजीबी कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें देशप्रेम के गीत, शायरी, तकरीर शामिल थे।
बच्चों की रैली बनी आकर्षण का केंद्र
ज़ेड एच क्लासेस, रद्दी चौकी में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश के साथ मनाया गया। यहाँ झंडा फहराने के बाद बच्चों ने एक बड़ी रैली निकाली।
रैली में शामिल बच्चे हाथों में तिरंगा लिए “हिन्दुस्तान ज़िंदाबाद” और “जय हिन्द” के नारे लगा रहे थे। उनके उत्साह और जोश को देखकर स्थानीय लोग भी रैली में शामिल हो गए और तालियों से बच्चों का हौसला बढ़ाया।
फाउंडेशन का संदेश – “बच्चों के दिलों में देशप्रेम ज़रूरी”
इस मौके पर फाउंडेशन से जुड़े शिक्षकों और जिम्मेदारों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे पर्व केवल रस्म अदायगी के लिए नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के दिलों में मुल्क के लिए मोहब्बत जगाने का जरिया हैं।
उन्होंने कहा – “हम चाहते हैं कि बच्चे सिर्फ़ किताबों से नहीं, बल्कि अनुभव और जज़्बे से भी सीखें। जब वे झंडा फहराते हैं, रैली में नारे लगाते हैं या मंच पर देशप्रेम के गीत गाते हैं, तब उनके दिल में भारत के लिए मोहब्बत और इज़्ज़त और गहरी हो जाती है।”