सावन से पहले लागू होगी समान नागरिक संहिता, सीएम मोहन यादव ने दी जानकारी

भोपाल | 4 जून 2026 | BAZ Media Bhopal Division | BAZ Desk | Bazmedia.in
News in Short
- मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता सावन से पहले लागू होगी
- रिटायर्ड जज रंजना देसाई की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित
- जनजातीय समुदायों को यूसीसी से अलग रखा जाएगा
मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता जल्द लागू होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपडेट इंडिया@2047 कॉन्क्लेव में ऐलान किया कि सावन से पहले प्रदेश में यूसीसी अमल में आ जाएगी। इसके लिए उच्चतम न्यायालय की रिटायर्ड जज न्यायमूर्ति रंजना देसाई की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है।
समान नागरिक संहिता पर जनता की राय ली जा रही है
रंजना देसाई की अगुवाई वाली समिति जिला स्तर पर सभी वर्गों से राय जुटा रही है। सीएम ने साफ किया कि मानसून सत्र से पहले विधानसभा में बिल पेश होगा। मप्र में आमतौर पर सावन के महीने में या इससे पहले मानसून सत्र बुलाया जाता है। यानी श्रावणमास आने से पहले यूसीसी कानूनी रूप ले लेगी।
जनजातीय समुदायों को छूट, रीति-रिवाज बरकरार रहेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जनजातीय समुदायों को यूसीसी के दायरे से बाहर रखा जाएगा। उन्हें अपने पारंपरिक रीति-रिवाज मानने की आजादी रहेगी। गुजरात में भी इसी तर्ज पर प्रावधान लागू किया गया है। डॉ. यादव ने कहा कि विकसित मध्यप्रदेश के लिए यूसीसी जरूरी है। हम खुले दिल और खुले विचार से यह काम करेंगे।
इलेक्ट्रिक व्हीकल से अब सरकारी यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यावरण और ईंधन बचाने के लिए सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदे हैं। अब सरकारी यात्राएं ईवी से होंगी। यह पर्यावरण अनुकूल वाहन वायु प्रदूषण रोकने में कारगर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह फैसला लिया गया।
किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
सीएम ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए दूध उत्पादन, पशुपालन और आधुनिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। गांव-गांव तक बिजली, पानी और सड़कों का विकास हुआ है। ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए मौके बने हैं।
औद्योगीकरण में बड़ी छलांग, 3 लाख करोड़ का काम शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साल प्रदेश में 10 लाख करोड़ रुपए का निवेश आया। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-2025) में 30 लाख करोड़ रुपए के एमओयू साइन हुए थे। अब तक करीब 30 फीसदी निवेश धरातल पर नजर आ रहा है। इंडस्ट्रियल पार्कों में यूनिट्स खुल गई हैं और लोगों को रोजगार मिल रहा है।
सीएम ने कहा कि सरकार जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर काम करती है। आज जनजातीय वर्ग से आने वाली द्रोपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की शोभा बढ़ा रही हैं। विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में मध्यप्रदेश को सभी क्षेत्रों में अव्वल राज्य बनाना सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य है।
📌 Sources & References
- अपडेट इंडिया@2047 कॉन्क्लेव
- मुख्यमंत्री कार्यालय मध्यप्रदेश



