
जबलपुर। संजय गांधी वार्ड स्थित रज़ा चौक में पिछले 4 वर्षों से भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। यहां आए दिन एम्बुलेंस के फंसने, दुर्घटनाएं होने और घंटों तक वाहन चालकों के जाम में फंसे रहने की स्थिति आम हो गई है, जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आश्चर्य की बात यह है कि पिछले करीब 40 वर्षों से 20 फीट चौड़ी एक वैकल्पिक सड़क मौजूद है, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में न तो ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था है और न ही अवैध अतिक्रमण पर कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है, जिससे समस्या और गंभीर होती जा रही है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर आज AIMIM मध्यप्रदेश अध्यक्ष जनाब मोहसिन अली खान के निर्देश पर इंजीनियर फाजिल खान और AIMIM टीम ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्षद मो. मतीन अंसारी, मीडिया प्रभारी यासीन सिद्दीकी, सय्यद शरिक अली सोनू, सरफराज बबल, अरमान नूरी, शहीद गौरी, बढ़ा, वारिस, हसन, रिहान और अफजल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन में मुख्य रूप से 20 फीट वैकल्पिक सड़क का निर्माण, ट्रैफिक लाइट लगाने और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। इस पर आयुक्त ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।



