
जबलपुर में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। शहर के कई इलाकों में पानी की कमी से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी (गुड्डू नवी) और सचेतक अयोध्या तिवारी ने कहा कि मां नर्मदा के किनारे बसे शहर में भी लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को आधे से अधिक शहर में पेयजल सप्लाई बाधित रही, जिससे लोगों को सुबह से शाम तक पानी के लिए भटकना पड़ा।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन नगर निगम द्वारा स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। शहर की पानी की टंकियों को आधा भरा जा रहा है, रमनगरा जल संयंत्र में बिजली की समस्या बनी हुई है, बोरिंग सुधार कार्य में देरी हो रही है और कई स्थानों पर सबमर्सिबल पंप तक नहीं लगाए गए हैं।
मुकीम याकूब अंसारी का बयान
इस मौके पर पार्षद मुकीम याकूब अंसारी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि
“शहर की जनता इस भीषण गर्मी में पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है, लेकिन निगम प्रशासन पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। कई इलाकों में लोग घंटों लाइन में खड़े होकर पानी भरने को मजबूर हैं। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, खासकर तब जब हम नर्मदा किनारे बसे शहर में रहते हैं।”
पार्षद कलीम खान ने कहा कि बोरिंग और पंप की समस्याएं समय पर ठीक नहीं की जा रहीं, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
“अगर जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो हम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।”
पार्षदों ने ललपुर संयंत्र से पाइपलाइन विस्तार, नई बोरिंग कराने और जल संयंत्रों की तकनीकी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग भी उठाई।
कांग्रेस पार्षद दल ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनों में “मटका फोड़” प्रदर्शन किया जाएगा।
निगमायुक्त की अनुपस्थिति में ज्ञापन अपर आयुक्त चौहान को सौंपा गया। इस दौरान कई पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन सौंपते समय नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुडडू नवी एवं सचेतक अयोध्या तिवारी, मुकीम याकूब अंसारी वकील अहमद अंसारी राममोहन (कल्लन) गुप्ता, सतेन्द्र चौबे, राकेश पाण्डेय, अख्तर अंसारी, , अनुपम जैन, गुड्डू तामसेतवार,, , प्रमोद पटैल, श्रीमती तुलसा लखन प्रजापति आदि उपस्थित थे ।
जबलपुर में बढ़ता जल संकट अब प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या जनआक्रोश में बदल सकती है।



