
भोपाल/जबलपुर। Association for Protection of Civil Rights (APCR) की राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए जबलपुर से सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल भोपाल पहुंच गया। मुल्क में सामाजिक न्याय, संविधान और नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आयोजित इस महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस को लेकर जबलपुर के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि जबलपुर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल रवाना हुए। प्रतिनिधिमंडल में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, छात्र और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग शामिल हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों का कहना है कि वर्तमान समय में सामाजिक जागरूकता, संवैधानिक अधिकारों और कानूनी समझ को मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद अहम हैं।

APCR डिस्ट्रिक्ट को ऑर्डिनेटर मेहदी हसन ने बताया, APCR की ओर से भोपाल के लाल घाटी स्थित क्रेसेंट क्लब में आयोजित इस स्टेट कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य सामाजिक अन्याय, नागरिक अधिकारों और संविधान से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा करना है। कार्यक्रम “मज़लूमों की आवाज़ बनो, भोपाल चलो” के संदेश के साथ आयोजित किया गया है।

जबलपुर डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर मेहदी हसन ने बताया कि जबलपुर से लोगों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर काफी सकारात्मक माहौल देखा गया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसमें रुचि दिखाई और प्रतिनिधिमंडल के साथ भोपाल पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कॉन्फ्रेंस में देश की कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी, जिनमें सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, शिक्षाविद प्रो. अपूर्वानंद, सामाजिक चिंतक योगेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता मोहम्मद अदीब, APCR के महासचिव मलिक मोतासिम खान और राष्ट्रीय सचिव नदीम खान शामिल हैं।
कार्यक्रम में संविधान की हिफाज़त, अल्पसंख्यकों के अधिकार, शिक्षा, मीडिया की भूमिका और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को एक मंच पर लाने और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



