जबलपुर में नागपंचमी पर 7 सपेरे गिरफ्तार, 8 कोबरा के दांत तोड़े

जबलपुर | BAZ Media Jabalpur Division । नागपंचमी पर जंगली जीवों के साथ क्रूरता का खौफनाक मामला सामने आया। वन विभाग की टीम ने 7 सपेरों को गिरफ्तार किया और 8 कोबरा सर्प बरामद किए, जिनके दांत तोड़े गए थे और मुंह सिले हुए थे। सबसे बड़ा सांप करीब 5 फीट का किंग कोबरा था।
News in Short
- जबलपुर में नागपंचमी पर वन विभाग और वन्य प्राणी विशेषज्ञ अवि वर्षे ने संयुक्त अभियान चलाया
- 7 सपेरे गिरफ्तार — 2 महिलाएं, 3 बच्चे और 3 पुरुष शामिल
- 8 कोबरा सर्प बरामद, सबका मुंह सिला और दांत तोड़े गए
- सबसे बड़ा सर्प 5 फीट का किंग कोबरा निकला
- सांपों को इलाज के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर छापा
वन्य प्राणी विशेषज्ञ अवि वर्षे ने बताया कि जबलपुर में कई टीमें बनाई गई थीं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर इन टीमों को तैनात किया गया था। नागपंचमी पर सपेरे इन इलाकों में सांप लेकर घूमते हैं। सुबह से शाम तक चली कार्रवाई में 8 सांप बरामद हुए। सभी कोबरा प्रजाति के थे। हर सांप के मुंह सिले हुए मिले और जहरीले दांत तोड़े गए थे।
सांपों को अब वाइल्ड लाइफ हेल्थ एंड फॉरेंसिक सेंटर भेजा जाएगा। वहां इनके मुंह खोले जाएंगे। प्राथमिक इलाज के बाद इन्हें सुरक्षित जगह पर छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग ने बताया कि ऐसा करना गैरकानूनी है। सांप दूध नहीं पीते। दांत तोड़ने और मुंह सिलने से कुछ दिनों में इनकी मौत हो जाती है।
नर्मदापुरम से आए थे सपेरे
गिरफ्तार सपेरा लक्ष्मण ने बताया कि वह नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर इलाके का रहने वाला है। 5 फीट लंबा किंग कोबरा उन्होंने पचमढ़ी के पास से पकड़ा था। यह सांप एक किसान के घर में निकला था। उसने कहा कि उसे नहीं पता था कि सांप पकड़ना गैरकानूनी है। यह पहली बार जबलपुर आया था।
नागपंचमी पर लोग नाग के दर्शन करना शुभ मानते हैं। सांपों को दूध पिलाने की परंपरा भी है। इसी का फायदा उठाकर सपेरे जंगल से सांप पकड़ते हैं। टोकरी में रखकर गली-गली घूमते हैं। लेकिन इससे सांपों की जान खतरे में पड़ जाती है।
वन विभाग ने गिरफ्तार सभी 7 सपेरों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी कार्रवाई जारी है।



