
जबलपुर। कांग्रेस पार्टी के विगत माह आयोजित संगठन सृजन अभियान का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। लंबे मंथन और कई हफ्तों तक चली चर्चा के बाद जबलपुर में नगर और ग्रामीण कांग्रेस की कमान नए नेतृत्व को सौंपी गई है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर सौरभ शर्मा को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है। सौरभ शर्मा पहले भी नगर अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे और संगठन के प्रति उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में संजय यादव को चुना गया है। संजय यादव बरगी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और जिले की ग्रामीण राजनीति में उनका व्यापक अनुभव माना जाता है। पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए उन्हें यह जिम्मेदारी दी है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार संगठन सृजन अभियान के तहत विभिन्न जिलों और नगर इकाइयों में पदाधिकारियों की नियुक्ति पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया था। कई दौर की बैठकों और कार्यकर्ताओं की राय के बाद यह अंतिम निर्णय लिया गया।
नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि अनुभवी नेताओं के नेतृत्व में नगर और ग्रामीण दोनों स्तरों पर संगठन और अधिक सशक्त होगा।