Advertisement
JabalpurNews

दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या, लेन-देन के विवाद में हुई खूनी वारदात

BAZ News Network: जबलपुर के संजीवनी नगर थाना इलाके में मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब बीच सड़क एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। यह घटना शाहीनाका इलाके की बताई जा रही है, जहां पुराने लेन-देन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान आयुष साहू के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि उसका कुछ समय से रोहन पटेल और आयुष सिंह पाल नाम के युवकों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने अचानक चाकू निकाल लिया और आयुष साहू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना तेज था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

विज्ञापन

घटना के बाद घायल युवक को फौरन मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की खबर मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

विज्ञापन

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुलेआम इस तरह की हिंसा से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page