
जबलपुर। भाजपा प्रवक्ता नाज़िया इलाही खान द्वारा हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की शान में कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर शहर के मुस्लिम समाज में गहरी नाराज़गी देखने को मिल रही है। इसी सिलसिले में डॉ. ज़ाकिर हुसैन वार्ड के युवाओं ने तारिक़ अंसारी के नेतृत्व में गोहलपुर थाना पहुँचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
🔊 खबर सुनने के लिए नीचे दिए गए प्ले बटन पर क्लिक करें
ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित कथित वीडियो एवं बयानों से करोड़ों मुसलमानों की अकीदत और जज़्बात को ठेस पहुँची है। हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा (ﷺ) मुसलमानों के लिए सबसे मुकद्दस हस्ती हैं और उनकी शान में किसी भी तरह की कथित गुस्ताख़ी को समाज बेहद गंभीरता से लेता है। इसलिए इस मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि भारत का संविधान हर नागरिक को अपने मज़हब का सम्मान करने और अपनी धार्मिक भावनाओं की हिफाज़त का अधिकार देता है। किसी भी धर्म के पूजनीय व्यक्तित्व के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती है, बल्कि सामाजिक भाईचारे और अमन के माहौल पर भी असर डाल सकती है।
इंस्टाग्राम में देखें: https://www.instagram.com/reel/DaAVgKwAKwN
युवाओं ने प्रशासन से अपील की कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जाए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि कानून से बढ़कर कोई नहीं है और सभी मामलों का समाधान संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने मुस्लिम समाज से भी अपील की कि वे अमन, सब्र और कानून पर भरोसा बनाए रखें। किसी भी अफवाह या भड़काऊ सामग्री को आगे बढ़ाने से बचें और अपनी आवाज़ लोकतांत्रिक तथा कानूनी तरीक़े से उठाएँ।
इस अवसर पर इसरार अंसारी, अफसाद अंसारी, परवेज़ अख्तर, सोहैल अंसारी, जावेद, शाहबाज़, सरताज, साहिल, दानिश अंसारी, इम्तियाज़ अंसारी, इस्तेखार अंसारी, तौहीद अंसारी, आलिशान अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नौजवान मौजूद रहे।
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई करेगा, ताकि सभी धर्मों की आस्था और सम्मान की हिफाज़त हो तथा शहर का अमन और भाईचारा कायम रहे।



