जबलपुर मौसम : अभी दिन गर्म रहेंगे, रातें होनी लगेंगी ठंडी
मौसम में आ रहा है बदलाव, शुष्क हवाओं के साथ घट रही नमी

जजबलपुर मौसम : पिछले एक हफ्ते से जबलपुर का मौसम शुष्क होता जा रहा है। तेज धूप के कारण दिन में गर्मी बनी हुई है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को बेचैनी हो रही है, वहीं रात के दूसरे पहर में हल्की गुलाबी ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन में गर्मी बनी रहेगी, लेकिन रातें ठंडी होती जाएंगी।
चक्रवात का प्रभाव समाप्त, मौसम शुष्क
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, आंध्रप्रदेश में बने चक्रवात का प्रभाव अब समाप्त हो चुका है, जिससे वहां बने बादल छंट चुके हैं और मौसम शुष्क हो गया है। बारिश की संभावना अब लगभग समाप्त हो गई है। वर्तमान में सूर्योदय के साथ तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है, जबकि शाम के समय जल्दी अंधेरा छाने लगा है।
तापमान और नमी के आंकड़े:
पिछले 24 घंटों में जबलपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था, वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। हवा में नमी सुबह के समय 81 प्रतिशत और शाम को 59 प्रतिशत रही।
इस दौरान बारिश नहीं हुई और पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान भी मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
दिन में गर्मी, रात में ठंडक:
मौसम में बदलाव के चलते, दिन के समय गर्मी बनी रहेगी, लेकिन रात होते-होते तापमान में गिरावट आने लगेगी, जिससे हल्की ठंडक का एहसास होगा। इस प्रकार, मौसम में धीरे-धीरे परिवर्तन हो रहा है, जिससे दिन में उमस और रात में ठंडक का मिश्रित प्रभाव रहेगा।
स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक जबलपुर और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में गर्मी के बीच राहत की उम्मीद रात के समय ठंडी हवाओं से ही मिल सकती है।