Madhya PradeshNational

दिल्ली में पहली बार मध्यप्रदेश उत्सव का हो रहा आयोजन

मप्र को जानने समझने का अवसर प्रदान करता मध्यप्रदेश उत्सव : सीएम यादव

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, जनजातीय विरासत, पर्यटन, कला, रहन-सहन और विविध व्यंजन आदि की दृष्टि से समृद्ध राज्य है। यह बात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में मध्यप्रदेश उत्सव का शुभारंभ करते हुए कही है।

सीएम डॉ. यादव ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश उत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश के दिल (मध्य प्रदेश) की समृद्ध, सांस्कृतिक धरोहरों से दिल्ली और अन्य प्रदेशों के लोगों को परिचित कराने के लिए ही देश की राजधानी में 4 दिवसीय मध्यप्रदेश उत्सव का अनूठा आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर दिल्ली में पहली बार वृहद स्तर पर मध्यप्रदेश उत्सव का आयोजन किया गया है, जो 30 अगस्त से 2 सितंबर तक चलेगा। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश उत्सव के आयोजन से दिल्लीवासियों एवं अन्य राज्यों से आये पर्यटकों को देश के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश की समृद्धशाली विविधताओं से परिपूर्ण संस्कृति सहित अन्य पहलुओं को जानने का मौका मिलेगा। आगंतुक न सिर्फ प्रदेश की समृद्ध विरासत को जानेंगे, समझेंगे बल्कि विविधताओं से भरे मध्यप्रदेश के विभिन्न अंचलों में बनाये जाने वाले विशिष्ट व्यंजनों सहित सुपर फूड में श्रीअन्न से निर्मित व्यंजनों का आनंद भी ले सकेंगे।

विरासत को दर्शाती प्रदर्शनी

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि पुरातत्व विभाग द्वारा प्रदेश में बेहतरीन कार्य किया गया है। विभाग प्राचीन जर्जर मंदिरों और देवस्थानों को पुनर्स्थापित करने का चुनौतीपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक कर रहा है। उन्होंने संचालनालय पुरातत्व अभिलेखाकर एवं संग्रहालय द्वारा आयोजित ‘मध्यप्रदेश की विरासत’ प्रदर्शनी की सराहना की। मध्यप्रदेश उत्सव में लगाई गई प्रदशर्नी में एक ओर गोंड कलाकारों की चित्रकला को सम्मान और दूसरी ओर लगभग 10 हजार वर्ष पुराने भीमबैठका के शैलचित्रों से सबको अवगत कराने का अभिनव प्रयास किया गया है।

सीएम ने ली सेल्फी

सीएम डॉ. यादव ने जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी के सेल्फी पाइंट में सेल्फी भी ली। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए विजिटर बुक में लिखा कि मध्यप्रदेश-उत्सव का आयोजन बहुत बेहतर तरीके से सुयोग्य भाव से प्रदर्शित किया गया है, बधाई। इस कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और अधिकारी व दर्शक भी उपस्थित थे।

विज्ञापन
Back to top button

You cannot copy content of this page