बरगी डैम में मौत का तूफान! देखते ही देखते डूबा पर्यटकों से भरा क्रूज, मचा हाहाकार । 30 से अधिक लोग सवार थे । रेस्क्यू जारी …

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज हवा और अचानक आए तूफान के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज डूब गया। यह हादसा खमरिया टापू के पास हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में 30 से अधिक लोग सवार थे। हादसे के बाद करीब 15 लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। वहीं कई अन्य लोग पानी में फंस गए, जिनकी तलाश जारी है।
मरने वालों की संख्या और लापता संख्या के बारे में अभी तक पुष्ट जानकारी नहीं आई है। सूत्रों का कहना है कि 4 लाशों को निकाला गया है। सुरक्षित आने वाले लोग खुद तैर कर किनारे पहुंच गए हैं। घटना खमरिया टापू के पास होना बताई जा रही है। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए हैं। लापता लोगों की तलाश करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी की गई है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर जा पहुंचे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। साथ ही एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम को भी मौके पर भेजा गया, जो देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही।
अब तक इस हादसे में 4 लोगों के शव बरामद किए जाने की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 4 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि लापता लोग अभी भी पानी में फंसे हो सकते हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शाम के समय अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान तेज हवाओं के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर डूब गया।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है और लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से भी सहयोग की अपील की है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था और मृतकों व घायलों की संख्या में बदलाव की संभावना बनी हुई है।



