Jabalpur

टीम इमरान प्रतापगढ़ी जबलपुर के रक्तदान शिविर में युवाओं का उत्साह, 50 से अधिक यूनिट रक्तदान

जिला चिकित्सालय विक्टोरिया के सहयोग से आयोजित शिविर में समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी

जबलपुर। टीम इमरान प्रतापगढ़ी जबलपुर के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय विक्टोरिया के सहयोग से आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। शिविर में शाम चार बजे तक 50 से अधिक युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजन का लक्ष्य 50 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का था, जिसे युवाओं के उत्साहपूर्ण सहयोग से पूरा किया गया।

रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

इन अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

शिविर में अंसारी समाज के अध्यक्ष सरदार हकीम बाबा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली, आजम अली खान तथा शफीक अंसारी भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की।

राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने वीडियो कॉल कर बढ़ाया हौसला

टीम इमरान प्रतापगढ़ी जबलपुर के फाउंडर इस्लाहुद्दीन अंसारी ने बताया कि राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने स्वयं वीडियो कॉल के माध्यम से रक्तदान करने वाले युवाओं से संवाद किया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। सांसद ने युवाओं के उत्साह और टीम के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार करने के लिए प्रेरित किया।

टीम के सदस्यों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में टीम इमरान प्रतापगढ़ी जबलपुर के फाउंडर इस्लाहुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में तारिक अंसारी, सरदार अहमद, शाहरुख गुरू, बासित अनवर, असदाक अनवर सहित टीम के सभी साथियों ने सक्रिय और सराहनीय भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं, जिला चिकित्सालय विक्टोरिया की टीम तथा सहयोग करने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Back to top button

You cannot copy content of this page