Finance

Baz Finance : लोन रिकवरी में धमकी तो बैंक देगा जुर्माना, RBI के नए नियम

नई दिल्ली | BAZ News Network (BNN) । लोन वसूली के नाम पर रिकवरी एजेंटों की धमकी और बदसलूकी अब खत्म होगी। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने लोन रिकवरी के सख्त नियम जारी किए हैं जो 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। नए नियमों के तहत रात में कॉल करना, सोशल मीडिया पर बदनाम करना और परिवार को परेशान करना पूरी तरह बैंड होगा।

News in Short

  • RBI के नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे
  • रिकवरी एजेंट सुबह 8 बजे से पहले और शाम 7 बजे बाद कॉल नहीं कर सकेंगे
  • फोन अनलॉक में देरी पर 250 रुपए प्रति घंटा जुर्माना
  • परिवार या दोस्तों को परेशान करना गैरकानूनी होगा
  • हर रिकवरी एजेंट के पास बैंक की आईडी कार्ड जरूरी

लोन रिकवरी नए नियम — अब नहीं होगी धमकी

RBI ने लोन वसूली के तरीकों पर लगाम कस दी है। अब रिकवरी एजेंट किसी भी कर्जदार को धमका नहीं सकेंगे। बार-बार फोन या मैसेज करके परेशान नहीं कर सकेंगे। सबसे बड़ा बदलाव टाइमिंग को लेकर है — सुबह 8 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद रिकवरी कॉल पूरी तरह बैंड रहेगी।

एजेंट अब कर्जदार के परिवार, दोस्तों या रिश्तेदारों से भी संपर्क नहीं कर सकेंगे। किसी की फोटो, वीडियो या निजी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करके बदनाम करना सख्त गैरकानूनी होगा। ग्राहक की प्राइवेसी का पूरा सम्मान करना बैंक और फाइनेंस कंपनियों की जिम्मेदारी होगी।

मोबाइल लोन — फोन लॉक तो जुर्माना पक्का

EMI पर मोबाइल खरीदने वालों के लिए भी नए नियम हैं। बैंक या फाइनेंस कंपनी सिर्फ उसी मोबाइल को लॉक कर सकती है जिसके लिए लोन लिया गया हो। किसी दूसरे लोन की वसूली के लिए फोन लॉक करना गैरकानूनी होगा।

फोन लॉक होने के बाद भी इनकमिंग कॉल, मैसेज और इमरजेंसी नंबर जैसी जरूरी सुविधाएं बंद नहीं की जा सकेंगी। सबसे बड़ी राहत यह है कि जैसे ही कर्जदार बकाया रकम चुका देता है, बैंक को एक घंटे के भीतर फोन की सभी सुविधाएं दोबारा चालू करनी होंगी। देरी होने पर 250 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से मुआवजा देना होगा।

रिकवरी एजेंट के लिए सख्त शर्तें

अब हर रिकवरी एजेंट के पास बैंक की ओर से जारी आईडी कार्ड और ऑथराइजेशन लेटर होना जरूरी होगा। बैंक को पहले से ग्राहक को बताना होगा कि रिकवरी एजेंट कब मिलने आएगा। अगर एजेंसी बदली जाती है तो इसकी जानकारी भी कर्जदार को देनी होगी।

शिकायत करना भी अब आसान होगा। अगर किसी ग्राहक को रिकवरी एजेंट के व्यवहार से परेशानी होती है तो बैंक को उसके लिए शिकायत निपटाने की सुविधा बनानी होगी। गलत तरीके से रिकवरी होने पर ग्राहक को मुआवजा भी मिल सकेगा।

RBI के इन नियमों से उन करोड़ों कर्जदारों को राहत मिलेगी जो रिकवरी एजेंटों की धमकी और बदसलूकी से परेशान रहते थे। मोबाइल लोन लेने वालों को भी फोन अनलॉक में देरी पर मुआवजा मिलेगा। नए नियम 1 जनवरी 2027 से पूरे देश में लागू होंगे।

Back to top button

You cannot copy content of this page