समरसता और ममता की अलख जगाते निकली संस्कार कांवड़ यात्रा । संस्कारधानी में आस्था का सैलाब । 1 लाख कांवड़ियों ने बढ़ाया यात्रा का वैभव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांवड़ उठाकर बढ़ाया उत्साह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी कांवड़ लेकर हुए शामिल
मुख्यमंत्री बोले- सनातन संस्कृति की धारा को मजबूत कर रही सरकार, पटवारी ने कहा- धर्म के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश अनुकरणीय
BAZ MEDIA, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर सोमवार को भक्ति, आस्था और सनातन परंपरा के रंग में रंगी नजर आई। मां नर्मदा के पवित्र जल को भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के संकल्प के साथ हजारों कांवड़ यात्री संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। सड़कों पर दूर-दूर तक कांवड़ियों की कतारें दिखाई दीं। हर-हर महादेव और नर्मदे हर के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

इस बार संस्कार कांवड़ यात्रा का राजनीतिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टि से विशेष महत्व रहा। एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा में शामिल होकर कांवड़ उठाई और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया, वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं की कांवड़ यात्रा में भागीदारी ने आयोजन को और चर्चा में ला दिया।
मुख्यमंत्री ने पुष्पवर्षा कर किया कांवड़ियों का स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उन्होंने कुछ दूरी तक दादा गुरु के साथ कांवड़ भी उठाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि जहां तक नजर जाती है, वहां तक कांवड़ ही कांवड़ दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इतनी विशाल कांवड़ यात्रा उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो आस्था का सैलाब समुद्र की लहरों की तरह आगे बढ़ रहा हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्री अपनी भक्ति, साधना और संकल्प के बल पर मां नर्मदा का जल लेकर भगवान शिव को अर्पित करने के लिए निकले हैं। मां नर्मदा भी अपने जल के साथ शिव-शक्ति की आराधना के इस संकल्प को पूरा कराने के लिए अपने भक्तों के साथ कांवड़ के रूप में समाहित हैं।
‘सनातन संस्कृति की धारा को मजबूत कर रही सरकार’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगातार काम कर रही है। सनातन संस्कृति की धारा को और मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक जड़ों में सनातन संस्कृति की मजबूत उपस्थिति है। हमारे देवस्थान केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि आत्म-अनुशासन और जीवन में उन्नति की प्रेरणा भी देते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने उज्जैन से संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संबंध बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से रहा है, लेकिन बाबा महादेव कण-कण में विद्यमान हैं। मां नर्मदा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि मान्यता है कि नर्मदा के हर कंकर में शंकर दिखाई देते हैं। इसी आस्था के कारण श्रद्धालु मां नर्मदा की पवित्र धारा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए इस यात्रा पर निकलते हैं।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों सहित जबलपुर, प्रदेश और देशवासियों को संस्कार कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
पटवारी भी कांवड़ लेकर निकले
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी संस्कार कांवड़ यात्रा में कांवड़ लेकर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जबलपुर संस्कारों की नगरी है और विशाल संख्या में शामिल कांवड़ियों के अनुशासन तथा भक्तिभाव ने इसे साबित किया है।

पटवारी ने कहा कि मां नर्मदा की पावन नगरी जबलपुर की ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा अब पूरे देश में पहचान बना चुकी है। उन्होंने यात्रा को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न बताते हुए कहा कि धर्म के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाली यह कांवड़ यात्रा अद्भुत आयोजन है।
पटवारी के साथ विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, संजय यादव, नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा सहित कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी यात्रा में शामिल हुए।
संतों का किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री ने संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल संतों का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संतों की तपस्या और साधना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और संस्कारों को बढ़ावा मिलता है।
नर्मदा जल और शिव आराधना का संगम

संस्कार कांवड़ यात्रा में मां नर्मदा और भगवान शिव के प्रति आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। कांवड़ियों ने नर्मदा जल को कांवड़ में धारण किया और भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के संकल्प के साथ यात्रा की। रास्तेभर श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाएं की गईं।
यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे। कांवड़ियों में उत्साह और धार्मिक उल्लास देखते ही बन रहा था। जयकारों और भक्ति गीतों के बीच आगे बढ़ती कांवड़ यात्रा ने शहर के माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक सुशील तिवारी इंदू, विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय, विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप रजक, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल तथा कांवड़ यात्रा के संयोजक शिव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



