Jabalpur

जबलपुर हनुमानताल में 10 वाहन के साथ चोर गिरोह गिरफ्तार, नशे के लिए चुराते थे

जबलपुर | BAZ Media Jabalpur Division । बकरा मार्केट में चोरी की एक्टिवा और चेतक स्कूटर बेचने की फिराक में घूम रहे शातिर वाहन चोरों पर हनुमानताल पुलिस ने शिकंजा कसा। गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर 10 दोपहिया वाहन और 4 बैटरी बरामद की गई। पकड़े गए बदमाशों में एक नाबालिग भी शामिल है।

News in Short

  • हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के 4 सदस्यों को दबोचा, एक नाबालिग भी शामिल
  • 10 चोरी के दोपहिया वाहन और 4 बैटरी बरामद
  • आरोपियों ने नशे के लिए वाहन चोरी करना स्वीकार किया
  • ग्वारीघाट, गोलबाजार, चारखम्बा समेत कई इलाकों से चोरी की वारदात
  • चोरी की बैटरी खरीदने वाला शाहरुख भी गिरफ्तार

बकरा मार्केट में पकड़े गए वाहन चोर गिरोह के सदस्य

पुलिस को सूचना मिली कि बकरा मार्केट में जितेंद्र सोनकर और मीसा उर्फ मुशीर चोरी की एक्टिवा और चेतक स्कूटर लेकर ग्राहक का इंतज़ार कर रहे हैं। पुलिस ने तुरंत दबिश दी और 20 साल के जितेंद्र पिता सुनील सोनकर उर्फ चील और 24 साल के मुशीर पिता मोहम्मद शमीम रंगरेज को गिरफ्तार किया। दोनों बड़ी खेरमाई मंदिर इलाके के रहने वाले हैं।

पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज मांगे तो दोनों के पास कोई कागज नहीं निकला। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने ग्वारीघाट इलाके से वाहन चोरी करना कुबूल किया। पुलिस ने मामले में 16 साल के एक नाबालिग को भी उस वक्त पकड़ा जब वह चोरी का वाहन बेचने की फिराक में घूम रहा था।

नशे की लत के लिए करते थे वाहन चोरी

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि नशे के लिए पैसों का इंतज़ाम करने के लिए वाहन चोरी करते हैं। पुलिस को दोनों ने गोलबाजार, चारखम्बा, रद्दी चौकी और सुब्बाशाह मैदान से भी वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दीनानाथ क्रॉसिंग के पास से चोरी किए गए अन्य वाहन बरामद किए। प्रेम सागर चौकी पुलिस ने फैजान नामक युवक को मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान के पास से पकड़ा और उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

चोरी की बैटरी खरीदार भी गिरफ्तार

पुलिस ने 30 साल के प्रथम उर्फ प्रदीप सोनकर को बैटरी चोरी के मामले में गिरफ्तार किया। पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि उसने चोरी की बैटरी 27 साल के शाहरुख पिता मोहम्मद साबिर को बेची है। पुलिस ने शाहरुख को गिरफ्तार कर उसके पास से चार बैटरी जब्त की।

वाहन चोर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल, एसआई राजेश पांडेय, एएसआई राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली, विनीत श्रीवास, अजय डबराल, राजा भैया चौबे, वीरेंद्र पटेल, सैय्यद रिजवी, आरक्षक साजिद खान और आदिल की भूमिका सराहनीय रही।

Back to top button

You cannot copy content of this page