सिहोरा के 4 गांवों में आबकारी की धावा, 600 किलो लाहन नष्ट

जबलपुर | BAZ Media Jabalpur Division । सिहोरा के चार गांवों में आज सुबह अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया। आबकारी विभाग की टीम ने केवलारी, गोसलपुर, जुझारी और शांति नगर में एक साथ छापेमारी की। मौके से 600 किलो लाहन और कच्ची शराब बरामद हुई। कारोबारियों को देखते ही भगदड़ मच गई, सभी फरार हो गए।
News in Short
- सिहोरा के 4 गांवों में आबकारी की एक साथ छापेमारी
- 600 किलो लाहन और कच्ची शराब जब्त, मौके पर ही नष्ट की गई
- अवैध कारोबारी टीम को देखकर भाग गए
- आबकारी अधिनियम के तहत 6 केस दर्ज
सिहोरा अवैध शराब अड्डों पर एक साथ कार्रवाई
सुबह करीब 10 बजे आबकारी की टीम ने केवलारी, गोसलपुर, जुझारी और शांति नगर को घेर लिया। लंबे समय से इन इलाकों में भट्टियां लगाकर कच्ची शराब बनाई जा रही थी। ग्रामीणों को खुलेआम बेची जा रही थी। खुफिया सूचना मिलने पर टीम ने एक साथ चारों ठिकानों पर घेराबंदी की।
आबकारी अधिकारियों को देखते ही कारोबारियों में भगदड़ मच गई। सभी अड्डे छोड़कर भाग गए। टीम ने तैयार कच्ची शराब के अलावा 600 किलो लाहन बरामद किया। पूरा माल दूर ले जाकर नष्ट कर दिया गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
छापेमारी के बाद टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन कोई गिरफ्तार नहीं हुआ। मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) और (च) के तहत कुल 6 केस दर्ज किए गए हैं।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक आरएस मरावी, नेक लाल बागरी, नरेंद्र सिंह उईके, कुश प्रताप मिश्रा और रविंद्र कुरील शामिल रहे। उनके साथ मुख्य आरक्षक फूल सिंह एटिया, संत लाल मरावी और आरक्षक अशोक बघेल व ज्ञानेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
सिहोरा में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया जा रहा है।



