
जबलपुर BAZ News Network। मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का दौर शुरू हो गया है। मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने जबलपुर सहित आसपास के इलाकों को भिगो दिया। बुधवार तड़के करीब 4 बजे शहर में तेज बारिश हुई, जिसके बाद दिनभर बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मानसून पश्चिमी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों से लौट रहा है। इसके असर से एक बार फिर बारिश का दौर सक्रिय हो गया है। अगले दो से तीन दिनों तक जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
तापमान में कमी, नमी अधिक
पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी का स्तर 95 प्रतिशत और शाम को 74 प्रतिशत रहा।
शहर में पिछले 24 घंटों में 4.4 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। 1 जून से अब तक कुल 1172.0 मिमी (46.8 इंच) बारिश हो चुकी है।
पिछले वर्ष की तुलना
गत वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 31.01 डिग्री और न्यूनतम 24.02 डिग्री दर्ज किया गया था। उस समय केवल 0.7 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी, जबकि अब तक की कुल वर्षा 1457.0 मिमी रही थी। इस साल की बारिश औसत से कुछ कम है।
सूर्योदय और सूर्यास्त
गुरुवार को सूर्योदय सुबह 6:00 बजे और सूर्यास्त शाम 6:03 बजे हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में संभाग के कुछ जिलों में छुटपुट वर्षा की संभावना है। उत्तर-पूर्वी हवाएं 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही हैं।